India News: भारत में चर्चित रशियन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर क्रिस्टीना (Kristina), जिन्हें ‘कोको इन इंडिया’ (Koko in India) के नाम से भी जाना जाता है, ने दिल्ली के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) के कर्मचारियों पर अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। क्रिस्टीना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे एफआरआरओ के रूम नंबर 303 के कर्मचारियों ने उनका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसमें मौजूद विभिन्न चैट की जांच की।
इसके अलावा, क्रिस्टीना ने आरोप लगाया कि जांच के दौरान कर्मचारियों ने उनके फोन की जांच में हँसी उड़ाई और जब उनके हाथ कांपने लगे तो उनसे सवाल भी किए। वह राष्ट्रीय कानूनों की जानकारी न होने पर माफी मांगती हैं लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।
क्रिस्टीना ने आशंका जताई कि हो सकता है अधिकारियों को लगा हो कि वह देश के लिए सुरक्षा खतरा हैं, जैसे आतंकवादी या ड्रग डीलर, इसलिए उनका फोन जांचा गया। तीन दिन पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए तीन वीडियो साझा किए थे, जिन्हें काफी ध्यान मिला।



