Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हड़ियान काली मंदिर के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के नेम बोर्ड के खंभे से जा टकराई। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान डुमरिया प्रखंड के बाकुलचन्दा गांव निवासी संजीत नायक के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक संजीत अपने दो दोस्तों गेलहुं और श्रीशांत के साथ एक ही बाइक (संख्या JH-05 BZ-0698) से तुड़ी मेला देखकर घर लौट रहा था। रात करीब 8 बजे अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खंभे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गेलहुं और श्रीशांत गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण दौड़े और तत्काल कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद बाकुलचन्दा गांव में शोक का माहौल है।
कोवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।



