Koderma: कोडरमा जिले में अवैध परिवहन और वाहनों के कागजात की जांच को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार देर शाम सतगावां थाना क्षेत्र के वैधडीह के पास जिला परिवहन पदाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए कोयले से लदे एक ओवरलोड ट्रक को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर (यूपी54टी 9378) का यह ट्रक झारखंड के गिरिडीह से बिहार की ओर जा रहा था। जांच के दौरान परिवहन पदाधिकारी ने ट्रक को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की, जिसमें कई तरह की विसंगतियां सामने आईं।
कागजात में कमी और ओवरलोडिंग पाए जाने के बाद मौके पर ही ट्रक को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के बाद वाहन को सतगावां थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की प्रक्रिया जारी है।
ट्रक चालक मनोज कुमार (40 वर्ष) ने बताया कि जांच के दौरान उनके सभी कागजात ले लिए गए और उन्हें बताया गया कि वाहन ओवरलोड है।
वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि परिवहन विभाग द्वारा वाहन जब्त कर थाने को सौंपा गया है। अब परिवहन विभाग की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी सामने आएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।



