Koderma: श्री श्याम सेवा मंडल के तत्वावधान में 19 और 20 जनवरी 2026 को प्रथम वार्षिक श्री श्याम सेवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बिहार, झारखंड, कोलकाता समेत अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।

19 जनवरी को सुबह 9 बजे अड्डी बंगाल से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए ब्लॉक रोड में संपन्न होगी। यात्रा के दौरान बनारस से आए कलाकारों द्वारा काशी आरती की तर्ज पर भव्य श्याम आरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं, बंगाल से आए कलाकार राधा–कृष्ण की झांकी प्रस्तुत करेंगे, जो श्रद्धालुओं का मुख्य आकर्षण रहेगी।

20 जनवरी को आयोजित भजन संध्या में देश के ख्यातिप्राप्त भजन गायक कन्हैया मित्तल (चंडीगढ़), अमित ढुल (हरियाणा), दया शर्मा (कोलकाता), तत्सा गुप्ता (रांची) और राहुल सोनी (भागलपुर) अपनी प्रस्तुति से श्याम भक्ति की धारा बहाएंगे। मंडल के मुख्य पुरोहित के रूप में गौतम पांडेय होंगे।

मंडल के अध्यक्ष जोशी कुमार ने बताया कि यह पहला अवसर है जब कोडरमा जिले में इतनी भव्य और विशाल स्तर पर श्याम महोत्सव का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति भाव देखते ही बन रहा है।

सचिव बबलू पहाड़ी ने मंच, पंडाल, प्रकाश, पेयजल, शौचालय और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाने की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष पप्पू भगत ने बताया कि आर्थिक प्रबंध भी सुनिश्चित कर लिए गए हैं।

सुरक्षा इंतजाम: पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि 1 डीएसपी, 3 थाना प्रभारी, 10 सब-इंस्पेक्टर और लगभग 100 पुलिस बल के साथ दंगा नियंत्रण बल और फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था की जाएगी।

उप सचिव सीताराम केसरी, निशान यात्रा संयोजक दीपक चंद्रवंशी और मंडल के सहयोगकर्ताओं बबलू सिंह, नवीन कुमार, मनीष पहाड़ी, जगदीश सलुजा, रंधीर कप्सिमे, अमित सिंह, गुरमीत सिंह, चीकू सेठ, आशीष पवन, त्रिलोकी प्रसाद, श्रेय कुमार, पिंकू मोदी, मुकेश कुमार, विनीत पहाड़ी, पंकज सर्वे, बंटी सहवादी समेत अन्य लोग महोत्सव को सफल बनाने में जुटे हैं।

इस आयोजन से कोडरमा में श्याम भक्ति का अनुपम माहौल बनेगा और श्रद्धालुओं को दो दिन तक भक्ति रस में सराबोर होने का अवसर मिलेगा।

Share.
Exit mobile version