Jamshedpur news: झारखंड मानवाधिकार सम्मेलन (जेएचआरसी) ने गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। संगठन के मनोज मिश्रा ने बताया कि जमशेदपुर शहर सहित जिले में हत्या, छिनतई, लूट, रंगदारी, महिला अपराध, नशे के कारोबार और अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 90 दिनों की स्पष्ट कार्ययोजना और समयसीमा तय की जानी चाहिए।
ज्ञापन में कहा गया है कि मई से जुलाई 2026 के बीच हत्या, चेन छिनतई, गोलीबारी, चाकूबाजी, रंगदारी और लूट की कई घटनाएं सामने आई हैं। कदमा में महिला से चेन छिनतई, उलीडीह में हत्या, बिष्टुपुर के डीडी बार के बाहर हिंसक घटना में हिमांशु सिंह की मौत, साकची में चाकूबाजी तथा परसुडीह और सीतारामडेरा में लूट व रंगदारी से जुड़ी घटनाओं का हवाला दिया गया है। संगठन ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियों के बावजूद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
जेएचआरसी ने अपराध रोकने के लिए थाना स्तर से लेकर वरीय अधिकारियों तक जवाबदेही तय करने, रात्रि गश्ती मजबूत करने, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, अवैध हथियार और नशे के कारोबार पर कार्रवाई तथा सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की मांग की है।





