रांची: झारखंड में रेल नेटवर्क के विस्तार, यात्री सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने और लंबित रेल परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार और रेलवे प्रशासन ने मिलकर कदम बढ़ाए हैं। मंगलवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार जैन और रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणानिधि सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में राज्य की रेल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर गहन मंथन हुआ।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य की बढ़ती आबादी और यात्रियों की बढ़ती मांग का हवाला देते हुए रेल सेवाओं के विस्तार को बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड देश का एक प्रमुख खनिज संपदा और औद्योगिक हब है, इसलिए यहां एक मजबूत, आधुनिक और व्यापक रेल नेटवर्क होना अनिवार्य है। सीएम ने अधिकारियों से राज्य के दूर-दराज के जिलों को मुख्य रेल संपर्क से जोड़ने, नई ट्रेनों के परिचालन और पुरानी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का आग्रह किया, जिससे व्यापार और पर्यटन को भी नई दिशा मिल सके।
बैठक में स्टेशनों के आधुनिकीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल और डिजिटल सुविधाओं को अपग्रेड करने पर भी चर्चा हुई। रेल अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के समन्वय से झारखंड में माल परिवहन और यात्री सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। इस दौरान सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह और महाप्रबंधक के सचिव अजय कुमार भी उपस्थित थे।



