Lohardaga: झारखंड में 25 मई को आयोजित होने वाला दामोदर महोत्सव इस बार ऐतिहासिक बनने जा रहा है। युगांतर भारती के तत्वावधान में लोहरदगा स्थित दामोदर नदी के उद्गम स्थल चूल्हा पानी में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार पहली बार दामोदर के उद्गम स्थल पर पहुंचेंगे और महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे।
युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण ने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव इस वर्ष राज्यभर में रिकॉर्ड 47 स्थानों पर मनाया जाएगा। उन्होंने इसे दामोदर नदी के सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय महत्व से जोड़ते हुए एक ऐतिहासिक पहल बताया। राज्यपाल के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और आयोजकों में उत्साह का माहौल है।
इस आयोजन को झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और नदी संरक्षण अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। दामोदर महोत्सव के जरिए लोगों को नदी के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।



