Ranchi News: झारखंड में दूषित और नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ी कार्रवाई की तैयारी की गई है। राज्य की CID (अपराध अनुसंधान विभाग) ने एक विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) चलाने का आदेश जारी किया है, जिसमें जिला पुलिस और औषधि निरीक्षक अवैध मेडिसिन बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे।
CID द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि राज्य में दूषित, नकली और नियंत्रित/प्रतिबंधित दवाओं के अवैध वितरण को रोकने के लिए कड़ा रुख अपनाना आवश्यक है। यह कदम झारखंड उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका (W.P.(PIL) No-6691/2025) में दिए गए आदेश के अनुपालन में उठाया गया है।
संयुक्त टीम करेगी मेडिकल स्टोर्स की भौतिक जांच
CID के निर्देशानुसार, औषधि निरीक्षकों और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम मेडिकल स्टोर्स, थोक और खुदरा विक्रेताओं की भौतिक जांच करेगी। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर का मिलान, क्रय-विक्रय दस्तावेजों की जांच और बिना चिकित्सकीय सलाह के नियंत्रित दवाओं के विक्रय का सत्यापन किया जाएगा। अनियमितता मिलने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान के परिणामों का समेकित प्रतिवेदन 7 दिसंबर तक CID को ईमेल (control-cid@jhpolice.gov.in) पर भेजना है, ताकि 12 दिसंबर को होने वाली सुनवाई से पूर्व अदालत में शपथ-पत्र दायर किया जा सके।



