Ranchi: पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए झारखंड बंद का असर शनिवार को राजधानी रांची में साफ तौर पर देखने को मिला। सुबह से ही बंद समर्थक अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर उतर आए और जगह-जगह टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सड़कों पर आग, धुएं से बिगड़े हालात

प्रदर्शनकारियों ने कई मुख्य सड़कों को जाम कर दिया। टायर जलाए जाने से कुछ इलाकों में धुएं का गुबार छा गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी हुई। सुबह दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल बसों को भी जाम में फंसना पड़ा। कई जगहों पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप रहा, जबकि कुछ इलाकों में आवागमन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें

बंद समर्थकों का कहना है कि जब तक सोमा मुंडा हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और आदिवासी पारंपरिक अधिकारों की रक्षा की मांग कर रहे हैं। नारेबाजी के दौरान सरकार और प्रशासन के खिलाफ भी जमकर आवाज उठाई गई।

पुलिस अलर्ट, हालात पर नजर

स्थिति को देखते हुए झारखंड पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। कई जगहों पर पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़कों से हटने की अपील की और यातायात बहाल कराने की कोशिश की।

फिलहाल नियंत्रण में स्थिति

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल रांची में हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन बंद के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है।

Share.
Exit mobile version