Jamshedpur: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित बिहारी बस्ती में पुरानी दुश्मनी को लेकर बुधवार की रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पहले दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और बाद में फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Read more: पति-पत्नी के विवाद का खौफनाक अंत, खलबट्टे के वार से पत्नी की मौ’त
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामजनम नगर निवासी समीर नाग ने कदमा थाना में लिखित शिकायत देकर बताया है कि वह अपने मित्र सन्नी गुप्ता और विकास तांती के साथ मरीन ड्राइव के नीचे स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास खड़ा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर उनसे उलझने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई।
आसू कर्मकार ने तीन राउंड फायरिंग की
आरोप है कि युवकों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे समीर नाग के सिर में गंभीर चोट लगी। उसके साथ मौजूद दोनों युवक भी हमले में घायल हो गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट के दौरान आसू कर्मकार नामक युवक ने हथियार निकालकर तीन राउंड फायरिंग की। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और घायल युवक किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read more: कपाली गोलीकांड का दूसरा आरोपी दबोचा गया, विदेशी पिस्टल बरामद
फिलहाल घायलों का इलाज कराया गया है। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



