Jamshedpur News: गोलमुरी थाना क्षेत्र के गढ़ाबासा लाइन नंबर-7 में घर के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है। स्थानीय निवासी विजय कुमार ने अपने पड़ोसियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए गोलमुरी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है।

पीड़ित विजय कुमार (31 वर्ष), पिता स्वर्गीय कृष्णा कुमार, मकान संख्या 625A, लाइन नंबर-7 गढ़ाबासा के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले सत्य नारायण और उनके परिवार के सदस्य अक्सर बुलेट मोटरसाइकिल और कार घर के ठीक सामने खड़ी कर देते हैं। जब इस पर उनकी मां या परिवार के अन्य सदस्य आपत्ति जताते हैं, तो पड़ोसी गाली-गलौज करने लगते हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सत्य नारायण, सविता देवी, देवेंद्र कुमार, पवित्रा देवी, देवेंद्र का साला शानू और लोकेश कुमार न सिर्फ मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, बल्कि जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल करते हैं। पीड़ित का कहना है कि उन्हें “गोंड़ जाति” को लेकर अपमानजनक बातें कही गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

विजय कुमार ने बताया कि 28 फरवरी 2025 की रात करीब 9:30 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। रात करीब 12:40 बजे किसी के द्वारा गाड़ी खिसकाने की आवाज सुनकर वे बाहर निकले, तो देखा कि देवेंद्र कुमार, उसकी पत्नी पवित्रा देवी और साला शानू उनकी मोटरसाइकिल हटाकर अपनी गाड़ी खड़ी कर रहे थे। विरोध करने पर देवेंद्र कुमार ने उनका पैर खींचकर नाली में गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की।

इस घटना में विजय कुमार के मुंह, होंठ, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें किसी तरह संभाला और बाद में एमजीएम अस्पताल में इलाज कराया गया।

पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share.
Exit mobile version