Jamshedpur: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह स्थित बेल्डीह लेक के समीप गुरुवार सुबह एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि एक व्यक्ति अपने साथ पेट्रोल लेकर लेक के पास पहुंचा और देखते ही देखते अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग बुझाई गई, जिसके बाद गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शी गोलू के अनुसार धातकीडीह बी-ब्लॉक निवासी उक्त व्यक्ति सुबह बेल्डीह लेक के पास पहुंचा था। उसके हाथ में एक बोतल थी, जिसमें पेट्रोल भरा हुआ था। कुछ देर तक वह अकेले खड़ा रहा और फिर अचानक पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेलकर आग लगा ली। आग लगने के बाद वह बुरी तरह जलने लगा, लेकिन उसने किसी से मदद नहीं मांगी और न ही शोर मचाया। यह दृश्य देखकर वहां वाहन धो रहे युवकों और अन्य लोगों ने तत्काल तालाब से पानी लाकर उसके ऊपर डालना शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग बुझाने के बाद जब स्थानीय लोगों ने उससे इस कदम के पीछे की वजह पूछी तो उसने घरेलू समस्याओं और पारिवारिक तनाव से परेशान होने की बात कही। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना से जुड़ा एक और पहलू भी सामने आया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय दो युवतियां बेल्डीह लेक पहुंची थीं और वहां मौजूद लोगों से अपने पिता के बारे में पूछताछ कर रही थीं। उन्होंने बताया था कि उनके पिता पिछले तीन-चार दिनों से घर से लापता हैं। बाद में जब व्यक्ति द्वारा आग लगाने की घटना हुई तो कुछ लोगों ने आशंका जताई कि झुलसा हुआ व्यक्ति वही हो सकता है, जिसकी तलाश की जा रही थी। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक घायल व्यक्ति ने स्वयं को स्थानीय निवासी अफशाक का रिश्तेदार बताया है। बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल की पहचान, पारिवारिक परिस्थितियों तथा आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद काफी देर तक बेल्डीह लेक के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

Share.
Exit mobile version