Lohardaga News: मध्यप्रदेश के इंदौर में कथित तौर पर ज़हरीला पानी पीने से हुई निर्दोष नागरिकों की मौतों को लेकर देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में नगर कांग्रेस कमेटी लोहरदगा ने बुधवार को जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को हादसा नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की घोर लापरवाही, भ्रष्ट तंत्र और आपराधिक चुप्पी का नतीजा करार देते हुए इसे राज्य प्रायोजित जनहत्या बताया। राजेंद्र भवन से पावरगंज चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक निकाले गए कैंडल मार्च में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में जलती मोमबत्तियाँ लेकर शामिल हुए। यह मोमबत्तियाँ केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी और जवाबदेही के पतन का प्रतीक बनीं। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि जब सरकार ज़हर परोसती है, तब जनता खामोश नहीं बैठती।
नगर कांग्रेस नेताओं ने तीखे शब्दों में कहा कि जिन पर जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी थी, उन्हीं की लापरवाही ने मौत का गिलास थमा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारी, निकम्मी सरकार और मूकदर्शक प्रशासन तीनों इस त्रासदी के बराबर के दोषी हैं। नेताओं ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री और जिम्मेदार मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ेंगे, या फिर लाशों पर राजनीति जारी रहेगी। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में हत्या की धाराओं में एफआईआर, दोषी अधिकारियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को न्याय व मुआवज़ा, तथा पूरे प्रदेश की पेयजल व्यवस्था की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो आंदोलन सड़क से सदन तक और तेज़ किया जाएगा। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ इंदौर की घटना नहीं, बल्कि जनता के जीवन और अस्तित्व की लड़ाई है।
कैंडल मार्च के समापन पर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और यह संकल्प लिया गया कि जो सरकार जनता को ज़हर पिलाएगी, उसे जनता चैन से सोने नहीं देगी। इस कैंडल मार्च में नगर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ हुसैन बब्लू, नगर प्रभारी मोहन दुबे, संतोष महतो, संजय नायक, मीनू खान, सोनू कुरैशी, दिनेश गुप्ता, तारिक अनवर, खुर्सीद अंसारी, सेराज अंसारी, गोल्डन कुरैशी, सरवन वर्मा, अशोक रजक, अयाज अहमद, लड्डन, प्रावेज सिद्दीकी, अतहर इमाम, पिंटू, अफताब खान, राजू कुरैशी, सहजाद आलम, कृष्णा साहू, रामदेव साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। नगर कांग्रेस ने दो टूक कहा कि यह लड़ाई रुकेगी नहीं, क्योंकि यह सत्ता नहीं, इंसानी ज़िंदगियों का सवाल है।



