रांची/नई दिल्ली: झारखंड कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा को केंद्र सरकार में एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्ष 2010 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा को सीमा सुरक्षा बल (BSF) में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।

गृह मंत्रालय द्वारा झारखंड के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी (Competent Authority) ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के सामान्य नियमों और शर्तों के तहत सीमा सुरक्षा बल में मौजूदा रिक्ति के खिलाफ सुरेंद्र कुमार झा की नियुक्ति को मंजूरी दी है।

केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार से अनुरोध किया है कि नए कार्यभार को संभालने के लिए आईपीएस सुरेंद्र कुमार झा को तत्काल प्रभाव से राज्य की सेवाओं से कार्यमुक्त (Relieve) किया जाए, ताकि वे दिल्ली में अपनी नई भूमिका और नई जिम्मेदारी संभाल सकें। यह आदेश अवर सचिव (Under Secretary) संजीव कुमार के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। इस आदेश की प्रतिलिपि झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) और बीएसएफ के महानिदेशक सहित अन्य संबंधित विभागों को भी भेज दी गई है। सुरेंद्र कुमार झा की इस नई पोस्टिंग से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

Share.
Exit mobile version