अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिला वीबीडी कार्यालय की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनुआ का पर्यवेक्षण किया। इस दौरान मलेरिया और फाइलेरिया की रोकथाम के लिए संचालित कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया गया।
पर्यवेक्षण के दौरान जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ. मीणा काळूडिया एवं जिला सलाहकार वीबीडीसीपी शशि भूषण महतो ने वित्तीय विवरणी, रोगियों के उपचार की स्थिति, दवा भंडार, मलेरिया निगरानी प्रतिवेदन, प्रयोगशाला में जांच व्यवस्था तथा संबंधित रजिस्टर और अभिलेखों का निरीक्षण किया। ओपीडी में बुखार से पीड़ित मरीजों की समीक्षा करते हुए डॉ. काळूडिया ने सभी एमपीडब्ल्यू को गांव-गांव जाकर फीवर सर्वे करने के निर्देश दिए, ताकि संभावित मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में कार्यक्रम से जुड़े सहयाओं को मिलने वाले भुगतान की भी समीक्षा की गई। टीम ने पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मियों को 48 घंटे के भीतर सुधार कर जिला कार्यालय को जानकारी देने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में पिरामल टीम ने क्षेत्र भ्रमण कर फाइलेरिया मुक्त पंचायत के लक्ष्य को लेकर मुखिया से चर्चा की। गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मलेरिया के प्रसार से जुड़ी जानकारी ली गई तथा उन्हें मच्छरों से बचाव, स्वच्छता और समय पर जांच-उपचार के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
पर्यवेक्षण के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद, वीनू लागूरी, जितेंद्र बिरुआ, हरी कृष्णा महली सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

