Jamshedpur : सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) की ओर से रिबिल्ड इंडिया फंड के सहयोग से सुंदरनगर में दो दिवसीय किशोरी नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोमवार को प्रशिक्षण का समापन किशोरियों से फीडबैक लेने के साथ हुआ। कार्यक्रम में पोटका प्रखंड के जुड़ी पहाड़ी, बड़ा बाघलता, भुटका और काशीडीह गांव की 50 किशोरियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान किशोरियों को आत्मविश्वास बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और परिस्थितियों में सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समानता से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षक अंजना देवगम और चांदमनी सवैया ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया, जबकि चन्द्र कला और रीला ने सहयोग किया।
कार्यक्रम में लैंगिक समानता, बाल विवाह के दुष्परिणाम एवं कानूनी प्रावधान, स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, प्रभावी संवाद और पीयर लीडरशिप जैसे विषयों पर चर्चा हुई। किशोरियों ने समूह चर्चा और नाटक के माध्यम से लड़कियों की शिक्षा, बाल विवाह, जबरन विवाह, महिलाओं के कामकाज और किशोरियों के खेलकूद जैसे मुद्दों को प्रस्तुत किया। मलाला यूसुफजई और सुधा मूर्ति के जीवन से जुड़ी प्रेरक कहानियों के माध्यम से नेतृत्व के गुणों को समझाया गया। गुड टच और बैड टच पर आधारित वीडियो भी दिखाया गया।
दूसरे दिन सुनने, चित्र बनाने और संवाद से जुड़ी गतिविधियों के साथ किशोरियों को अपने आसपास की समस्याओं की पहचान कर उन्हें पंचायत स्तर पर उठाने की रणनीति बताई गई। संस्था के अनुसार यह पहल किशोरियों को विद्यालय से जोड़े रखने, उनका नेतृत्व विकसित करने और बाल विवाह की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे दीर्घकालिक प्रयासों का हिस्सा है।




