कोडरमा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेले जाने वाले अंडर 14 और अंडर 16 कोडरमा जिला क्रिकेट टीम के गठन हेतु खिलाड़ियों का कैंप पिछले 24 नवंबर से चल रहा है, जिसमें खिलाड़ियों को फील्डिंग, यो – यो टेस्ट, बैटिंग बॉलिंग, कैचिंग आदि की बारीकी बताई गई। 3 और 4 दिसंबर को अंडर 16 के खिलाड़ियों का ट्रायल मैच कराया जा रहा है। जिसमें कम परफॉर्मेंस करने वाले खिलाड़ी धीरे-धीरे कैंप से बाहर होते जाएंगे। इस प्रक्रिया में पिछले वर्ष में जिला टीम की ओर से अच्छा परफॉर्मेंस करने वाले खिलाड़ियों को थोड़ी छूट दी जा रही है क्योंकि कैंप में शामिल सभी जूनियर खिलाड़ियों को पूरी बैटिंग और बॉलिंग करने का मौका मिल सके। यही प्रक्रिया अंडर 14 टीम के गठन हेतु भी अपनाई जा रही है। जेएससीए के निर्देशानुसार अंतिम चयनित सभी खिलाड़ियों का सभी डॉक्यूमेंट सही पाए जाने पर और चिकित्सा परीक्षण में अंडर एज में आने पर ही खिलाड़ी टीम में रह पायेंगे। कैम्प में कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के द्वारा आयोजित इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट और कोडरमा जिला जूनियर टैलेंट सर्च क्रिकेट टूर्नामेंट में बेहतर खेलने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। उक्त आशय की जानकारी केडीसीए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा और सचिव दिनेश सिंह ने दी।



