घाघरा (गुमला): घाघरा प्रखंड अंतर्गत चुन्दरी लैंप्स (LAMPS) कार्यालय परिसर में बुधवार को धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दिनेश कुमार, अंचल अधिकारी (सीओ) खाखा सुशील कुमार एवं चुन्दरी पंचायत की मुखिया विनीता कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर धान खरीद प्रक्रिया की शुरुआत की।

उद्घाटन के पहले ही दिन किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। तीन स्थानीय किसानों ने लगभग 50 क्विंटल धान लैंप्स केंद्र में बिक्री के लिए लाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि धान खरीद की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ दिनेश कुमार ने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के झांसे में न आएं और अपनी उपज सरकारी खरीद केंद्र में ही बेचें। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य ₹24.50 प्रति किलो निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा घोषित बोनस राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी।

वहीं अंचल अधिकारी खाखा सुशील कुमार ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति एवं भूमि की अद्यतन रसीद अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि संजीव उरांव, प्रभारी कृषि पदाधिकारी शंकर खेरवार, पंचायत सचिव कालेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

घाघरा से दीनदयाल राम की रिपोट 

Share.
Exit mobile version