फॉण्ट कनवर्टर NEW

JSCA स्टेडियम में सुरक्षा का अभेद्य पहरा, ADG मनोज कौशिक ने खुद संभाली कमान

भारत बनाम वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, ADG ने JSCA स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: राजधानी में क्रिकेट के दीवानों के लिए उत्साह चरम पर है। जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे T20 मैच को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में 5 अक्टूबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) सह पुलिस महानिरीक्षक (IG) मनोज कौशिक ने स्टेडियम परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक और गहन निरीक्षण किया।
मैदान पर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे एडीजी के साथ रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक (SP City) पारस राणा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP Rural) गौरव गोस्वामी और यातायात पुलिस अधीक्षक (SP Traffic) राकेश सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी प्रशासनिक टीम के साथ समन्वय बनाकर स्टेडियम के कोने-कोने का मुआयना किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा अधिकारियों ने मैच के दिन बनने वाले हर संभावित हालात की बारीकी से समीक्षा की। इसमें मुख्य रूप से स्टेडियम के प्रवेश और निकास द्वार, दर्शकों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल, शहर की यातायात योजना, आपातकालीन निकास और संवेदनशील प्वाइंट्स पर निगरानी जैसे बिंदु शामिल रहे।
एडीजी मनोज कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय मैच के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाए। खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा के साथ-साथ आम दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि स्टेडियम के भीतर या बाहर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके अलावा ट्रैफिक रूट को इस तरह व्यवस्थित करने को कहा गया है, जिससे मैच के दिन शहर में जाम की स्थिति न बने।
रांची पुलिस ने आम जनता और खेल प्रेमियों से भी अपील की है कि वे आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि वे समय से स्टेडियम पहुंचें, पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी और ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा कर्मियों को दें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram