फॉण्ट कनवर्टर NEW

ओडिशा से झारखंड आ रहा था अवैध बालू, पुलिस ने हाइवा पकड़ा

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू परिवहन किए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हाइवा ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में की गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू परिवहन किए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हाइवा ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने हाता-रायरंगपुर एनएच-220 पर महाकाल ढाबा के समीप बालू लदे हाइवा को पकड़ा। जब्त वाहन को कोवाली थाना परिसर में रखा गया है। हाइवा का नंबर जेएच-05 डीजी-8720 बताया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाइवा में ओडिशा की ओर से बालू लाकर झारखंड में प्रवेश कराया जा रहा था। हालांकि बालू किस स्थान से लोड किया गया था और इसे झारखंड में कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार बालू परिवहन में एक से अधिक हाइवा के शामिल होने की आशंका है। कार्रवाई के दौरान जब आगे चल रहे हाइवा को पुलिस ने पकड़ लिया तो उसके पीछे आ रहे अन्य वाहनों को ओडिशा सीमा क्षेत्र से ही दूसरे रास्ते की ओर भेज दिया गया। इससे अवैध बालू परिवहन के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका गहरा गई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

क्षेत्र में अवैध खनन और बालू परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। एनजीटी की रोक के बावजूद बालू के अवैध कारोबार की शिकायतों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। पूर्वी सिंहभूम एसएसपी के निर्देश पर अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज किए जाने के बीच डीएसपी स्तर पर हुई इस कार्रवाई से बालू कारोबार से जुड़े लोगों में भी हलचल बढ़ गई है।

अब पुलिस जांच के दौरान जब्त हाइवा के मालिक और चालक के अलावा बालू के स्रोत, गंतव्य और परिवहन में शामिल अन्य वाहनों तथा लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त वाहन किसी बड़े अवैध बालू परिवहन नेटवर्क का हिस्सा था या नहीं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram