UP News: यूपी के फतेहपुर मकबरा-मंदिर विवाद को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मकबरे के अंदर से आए वीडियोज में साफ हिंसा करते लोग दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पुलिस ने आरोपी बीजेपी जिला अध्यक्ष और हिंदुत्ववादी संगठन के नेताओं पर कोई सख्त एक्शन नहीं लिया। उनपर एफआईआर तक दर्ज नहीं की। अगर बवाल करने वाले मुसलमान होते तो उनकी छाती पर गोली मार दी जाती।
कांग्रेस सांसद समेत सपा-बसपा ने फतेहपुर विवाद पर बीजेपी सरकार पर बोला हमला
इमरान मसूद ने कहा कि बवाल और तोड़फोड़ कराने के बाद अब वे मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने की बात कर रहे हैं। हम उनसे अनुरोध करते हैं कि वे समाज में नफरत न बोएं। नहीं तो आने वाली पीढ़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। वहीं, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी इस मामले में कहा कि फतेहपुर की घटना, तेजी से खत्म होती बीजेपी की निशानी है। जब-जब बीजेपी और उनके संघी साथियों की पोल खुलने लगती है, तब-तब सौहार्द बिगाड़ने की साज़िश रची जाती है। जनता अब इस भाजपाई चाल को समझ गई है। अब ऐसी करतूतों में जनता न तो अटकेगी और न ही इन घटनाओं से भटकेगी। देखना ये है कि इस घटना के दोषियों की शिनाख़्त लखनऊ के ड्रोन करेंगे या दिल्लीवालों के ड्रोन। सामाजिक एकता ज़िंदाबाद…।
उधर, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी फतेहपुर विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा- यूपी के जिला फतेहपुर में मकबरा व मंदिर होने को लेकर चल रहे विवाद पर सरकार को किसी भी समुदाय को ऐसा कदम नहीं उठाने देना चाहिए जिससे साम्प्रदायिक तनाव पैदा हो और आपसी भाईचारा व सद्भाव बिगड़े। सरकार इस मामले को गम्भीरता से ले और जरूरत पड़ने पर सख़्त कदम उठाए। इस पूरे विवाद पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा-कांग्रेस की नीति रही है। फूट डालो, हुकूमत करो। अखिलेश यादव के बयान पर पाठक ने सपा पर समाज को बांटने और माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा फतेहपुर की स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था पर सरकार सतर्क है।
बता दें यूपी के फतेहपुर जिले में मकबरे को लेकर विवाद गहरा गया है। हिंदू संगठन इस मकबरे को भगवान शिव और श्रीकृष्ण का मंदिर बता रहे हैं जबकि मुस्लिम पक्ष इसे नवाब अब्दुल समद का मकबरा बता रहा है। इस बीच बीते सोमवार को सैकड़ों की संख्या में हिंदू लोग मकबरे में घुस गए और तोड़फोड़ की। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मौके पर भारी फोर्स तैनात किया गया है। बवालियों पर एक्शन लिया जा रहा है। दर्जनों लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है, जिसमें बीजेपी, सपा और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग शामिल हैं।



