New Delhi: पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब काम ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना से किया जाता है, तब कोई भी निर्णय कठिन नहीं रहता। उन्होंने कहा कि देशहित में कई ऐसे फैसले लिए गए, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था, लेकिन भारत के सुरक्षित और मजबूत भविष्य के लिए वे आवश्यक थे।
पीएम ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई बड़ी अर्थव्यवस्थाएं चुनौतियों का सामना कर रही हैं, इसके बावजूद भारत ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की उल्लेखनीय विकास दर हासिल की है। वहीं 31 मार्च को समाप्त हुई पिछली तिमाही में देश की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत दर्ज की गई, जो भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि पहले पूर्वोत्तर भारत हिंसा, बम और बंदूक की घटनाओं से प्रभावित रहता था, लेकिन केंद्र सरकार के प्रयासों से वहां शांति और स्थिरता स्थापित हुई है। पीएम ने कहा कि एक समय भारत आतंकी हमलों के बाद केवल प्रतिक्रिया तक सीमित रहता था, जबकि अब देश आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करता है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया ने भारत की क्षमता और संकल्प को देखा है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश किसी भी राजनीतिक दल से बड़ा होता है। इसी सोच के साथ सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए, जिनमें अनुच्छेद 370 को हटाना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें इस विषय पर चर्चा करने से भी बचती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में संविधान को समान रूप से लागू करने का कदम उठाया।
मध्यम वर्ग का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि सरकार उनकी चुनौतियों और आकांक्षाओं को समझती है। इसी दिशा में 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को करमुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि आज देश को अधिक सरल और पारदर्शी कर व्यवस्था का लाभ मिल रहा है, जबकि बेहतर बुनियादी ढांचे और नई नीतियों से युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार हुआ है।
पीएम ने कहा कि ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, बैटरी स्टोरेज, ड्रोन, डेटा सेंटर, स्पेस, क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्र भारत की आर्थिक और रणनीतिक सुरक्षा से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विदेशी निर्भरता कम करने के लिए सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम और क्रिटिकल मिनरल्स मिशन पर तेजी से काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष सरकार और समाज की साझेदारी के रहे हैं। स्वच्छता अभियान, डिजिटल भुगतान और कोरोना महामारी के दौरान जनसहयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशवासियों ने हर अवसर पर सरकार का साथ दिया है। इसी जनविश्वास और जनभागीदारी के बल पर भारत ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
ऊर्जा सुरक्षा पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि देश आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समुद्र मंथन मिशन, तेल एवं गैस अन्वेषण में मिली नई संभावनाओं और 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के साथ परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति आवश्यक है। फास्ट ब्रीडर रिएक्टर तकनीक में भारत की सफलता को उन्होंने आत्मनिर्भर परमाणु ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।



