Ranchi : झारखंड सरकार की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 28 नवंबर को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से सभी दंडाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की ब्रीफिंग की।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष होंगे, जहां विभिन्न विभागों के चयनित और अनुशंसित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। हजारों नवचयनित अभ्यर्थियों, उनके परिजनों और आम जनता की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत सख्त की गई है।
तीन-स्तरीय सुरक्षा, ड्रोन निगरानी और QRT तैनात
कार्यक्रम स्थल को तीन स्तरों—आंतरिक, मध्य और बाहरी परिधि—में सुरक्षा घेरों से लैस किया गया है। ड्रोन सर्विलांस एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। इसके अलावा क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। डीएफएमडी, मेटल डिटेक्टर, हैंड-हेल्ड स्कैनर के माध्यम से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। सभी प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग, आइडेंटिटी कार्ड जांच और सुरक्षा की त्रिस्तरीय प्रणाली लागू होगी। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बिना जांच के किसी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विस्तृत भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की है। ट्रैफिक भार को नियंत्रित करने के लिए शहर के कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। सभी महत्वपूर्ण चौकों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती होगी। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को स्टैंडबाई पर रखा जाएगा, जिससे किसी भी चिकित्सीय आपात स्थिति का तुरंत समाधान हो सके।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश
उपायुक्त ने सभी नियुक्त दंडाधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने निर्देश दिया कि दर्शकगणों को निर्धारित गैलरी तक सुगमता से पहुंचाया जाए और शांति एवं अनुशासन बनाए रखने में अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएं। महिला दर्शकों की सुरक्षा के लिए महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिसकर्मी विशेष रूप से तैनात रहेंगी।
कार्यक्रम स्थल और पार्किंग व्यवस्था
1. वीवीआईपी एवं मुख्य अतिथि प्रवेश:
राजकीय अतिथिशाला के सामने से बाईं ओर के फ्लैंक से वीवीआईपी और मुख्य अतिथियों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
2. वीआईपी/मीडिया प्रवेश:
एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम एवं ऑक्सीजन पार्क के सामने बनाए गए प्रवेश द्वारों से वीआईपी और मीडिया प्रतिनिधियों का प्रवेश कराया जाएगा।
3. आम जनता/लाभुकों का प्रवेश:
गेट संख्या 1, 2 और 3 आम दर्शकों और लाभुकों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
4. मीडिया के लिए अलग गेट:
प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम के सामने विशेष गेट की व्यवस्था है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी आगंतुक अपने निर्धारित गेट से ही प्रवेश करें, इसके लिए स्थल पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।



