Ranchi News: रांची के माहौल में गुरुवार को एक अलग ही गर्माहट थी। JSSC CGL के सफल अभ्यर्थियों का सम्मेलन था, और मंच पर सीएम हेमंत सोरेन खुद मौजूद थे। जैसे ही वे पहुंचे- भारी तालियों और “हेमंत दादा ज़िंदाबाद” के नारों ने पूरा परिसर गूंजा दिया। चेहरों पर महीनों का बोझ उतरा हुआ दिख रहा था, और उसकी जगह एक नई उम्मीद ने ले ली थी।
इस खबर को भी पढ़ें : “अबुआ सरकार ने उम्मीद लौटाई”- JSSC अभ्यर्थियों की खुशी उमड़ी सड़कों पर
“युवाओं की जीत, राज्य की जीत” – CM की भावनात्मक शुरुआत
सीएम ने मुस्कुराते हुए कहा, “अगर इरादे साफ हों, तो हर चीज़ अच्छी होने लगती है।” उनकी बात पर भीड़ ने फिर तालियां बजा दीं। उन्होंने साफ कहा कि यह सिर्फ नौकरी मिलने का पल नहीं है- यह पूरी युवा पीढ़ी के धैर्य, संघर्ष और भरोसे की जीत है। उन्होंने कहा, “हो सकता है थोड़ी देर हुई हो, लेकिन देर से ही सही- आज न्याय मिला, मेहनत रंग लाई।” उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन सरकार के लिए भी उतना ही खास है जितना युवाओं के लिए, क्योंकि “अबुआ सरकार का असली मकसद ही युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना है।”
सरकार की नीतियों पर भरोसा बढ़ने का दावा
सीएम ने बताया कि सरकार की कोशिश हमेशा रही है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हो। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं ने साबित कर दिया है कि अगर सिस्टम साफ हो, तो मेहनत का फल मिलकर ही रहता है। उन्होंने यह भी माना कि अगर प्रक्रियाओं में देरी न होती, तो राज्य की रजत जयंती पर ही यह सब पूरा हो जाता। “लेकिन आज जब आप नियुक्ति की राह पर हैं, तो यह हमारी सरकार की नीयत और आपकी मेहनत- दोनों का परिणाम है,” उन्होंने कहा।
विपक्ष पर सीधा हमला- ‘सोच का फर्क साफ दिखता है’
हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, “बीते 18–20 साल में केवल चार बार JPSC हुई… हमारी सरकार के पांच साल में ही चार JPSC परीक्षाएं पूरी कराईं। फर्क सोच और नीयत का होता है।” उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी विद्वता को सकारात्मक दिशा में इस्तेमाल करने की बजाय युवाओं का भविष्य खराब करने में लगे रहे। “व्यवस्था वही थी… लेकिन धूल जमी थी। उसे साफ कर रहे हैं,” CM ने कहा।
अदालत की भूमिका और युवाओं के प्रति भरोसा
सीएम ने झारखंड हाई कोर्ट को धन्यवाद देते हुए कहा कि अदालत ने युवाओं की भावनाओं को सही समझा। उन्होंने बताया कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले कई लोग जेल भेजे जा चुके हैं और बचे हुए भी जल्द पकड़े जाएंगे।
कार्यक्रम में खुशी, भावनाएं और एक बड़ा संदेश
अभ्यर्थियों का जोश देखने लायक था। कुछ की आंखों में खुशी के आंसू थे, कुछ अपने दोस्तों का हाथ पकड़कर हंसते जा रहे थे।
सीएम ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा, “अब आपकी असली जिम्मेदारी शुरू होती है। जनता की सेवा और राज्य के विकास में योगदान ही आपकी सबसे बड़ी सफलता है।”
अंत में उन्होंने कहा, “आपका कारवां रुका नहीं है- बस शुरू हुआ है। अबुआ सरकार हमेशा आपके साथ है।”



