Hazaribagh News: हजारीबाग में बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। बरही थाना क्षेत्र के गांगटाही पुल के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में थे दस लोग, तीन की मौके पर कराहते हुए मौत
पुलिस ने बताया कि कार में कुल दस लोग सवार थे और सभी पश्चिम बंगाल के कुल्टी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान पूनम देवी, जय भगवान यादव और छोटी बच्ची अंशिका कुमारी के रूप में हुई है। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि आस-पास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तेजी, घायल हजारीबाग रेफर
घायलों में ज्योति कुमारी, शुभम यादव, अभिराज यादव, मृत्युंजय यादव, धर्मेंद्र यादव और कौशल्या देवी शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने किसी तरह हालात संभाले और जख्मियों को बरही अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। कई घायल अभी भी नाजुक स्थिति में हैं।
थका हुआ ड्राइवर बना हादसे का कारण?
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार लंबे सफर से लौट रही थी और ड्राइवर शायद नींद में था। यही वजह हो सकती है कि वाहन अचानक डिवाइडर से जा टकराया। सड़क पर दिख रहे स्किड मार्क और कार की टूटफूट से पता चलता है कि रफ्तार काफी ज्यादा थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, अधिकारियों ने किया मुआयना
हादसे की जानकारी मिलते ही बरही के SDPO अजीत कुमार विमल और थानेदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिवार को खबर दे दी गई है। फिलहाल दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश चल रही है।



