रांची : राजधानी रांची के तिरिल स्थित CRPF कैंप में हवलदार भुवनेश्वर पाल की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली उनकी अपनी राइफल से चली।
गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे। तब तक भुवनेश्वर पाल की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
CRPF IG साकेत सिंह ने जवान की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जवान की गोली लगने से मौत हुई है। हालांकि, गोली कैसे चली और घटना के पीछे क्या कारण था, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद CRPF और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जवान की ड्यूटी, घटना से पहले की गतिविधियों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
भुवनेश्वर पाल डालटनगंज के रहने वाले थे और तिरिल CRPF कैंप में पदस्थापित थे। शव को आवश्यक प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।




