Gumla: गुमला के चैनपुर प्रखंड स्थित कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के रोरेद गांव के जंगल से दो दिन से लापता समीर उरांव (30) का शव सखुआ के पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देख इसकी सूचना कुरुमगढ़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।
दो दिन पहले घर से निकला था समीर
परिजनों के अनुसार, समीर उरांव बृहस्पतिवार को अपने चाचा के साथ शराब पीने गया था। लौटने के दौरान वह कहीं चला गया और फिर घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान समीर के चाचा को रात में मरवा गांव निवासी शीतल कुमार का फोन आया। फोन पर बताया गया कि समीर ने उनके घर में तोड़फोड़ की और मारपीट भी की थी।
अगले दिन जंगल से मिला शव
अगले दिन ग्रामीणों ने रोरेद गांव के जंगल में सखुआ के पेड़ से समीर का शव लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
समीर के परिजनों ने शीतल कुमार पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने जांच के आधार पर संबंधित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




