अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Gumla: गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रमजा गांव में शुक्रवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रमजा गांव निवासी दीपक सिंह (20), पिता अकलु सिंह, के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सदर अस्पताल गुमला में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दीपक सिंह शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे किसी काम से रमजा बाजार गया हुआ था। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वज्रपात से झुलसा युवक, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वज्रपात के कारण दीपक सिंह के शरीर पर गंभीर जलने के निशान पड़ गए थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उसे ऑटो से शाम करीब 5 बजे सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंचे। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने दीपक सिंह को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।

