Chakradharpur news: भारतीय रेलवे श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के उद्देश्य से विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन “अयोध्या काशी पुण्य यात्रा विद बैद्यनाथ धाम” का संचालन करने जा रहा है। यह विशेष ट्रेन तेलंगाना के सिकंदराबाद से रवाना होकर श्रद्धालुओं को अयोध्या, काशी और बैद्यनाथ धाम सहित महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की यात्रा कराएगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह विशेष पर्यटक ट्रेन 4 जुलाई 2026 को सिकंदराबाद से अपनी यात्रा शुरू करेगी और 5 जुलाई 2026 को दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरेगी। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन योजना के तहत संचालित की जा रही इस विशेष ट्रेन में कुल 14 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।

निर्धारित समय-सारणी के अनुसार यह ट्रेन 5 जुलाई 2026 को शाम 7:00 बजे झारसुगुड़ा स्टेशन पहुंचेगी और 7:10 बजे वहां से प्रस्थान करेगी। इसके बाद ट्रेन राउरकेला स्टेशन पर रात 8:55 बजे पहुंचेगी तथा 9:05 बजे रवाना होगी।

यात्रा के अगले चरण में यह ट्रेन 6 जुलाई 2026 को रात 11:50 बजे हटिया स्टेशन पहुंचेगी और 11:55 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद ट्रेन रांची स्टेशन पर रात 12:10 बजे पहुंचेगी तथा 12:20 बजे वहां से आगे की यात्रा के लिए रवाना होगी।

भारतीय रेलवे ने कहा है कि भारत गौरव पर्यटक ट्रेन पहल के माध्यम से यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए वह लगातार प्रयासरत है। यह विशेष ट्रेन धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों तक सुगम रेल संपर्क प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

यह जानकारी दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

Share.
Exit mobile version