खूंटी: जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कच्चाबारी पंचायत के कर्रा-लोधमा-धुर्वा मार्ग पर तिग्गा नदी पुल के नीचे प्लास्टिक के बोरे में बंद शव बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष है। उसने शर्ट पहन रखी थी। शव को मैदा के प्लास्टिक बोरे में भरकर पुल के नीचे फेंका गया था। बोरे और शव पर मैदा लगा हुआ मिला है।
शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने युवती की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
हत्या की आशंका, जांच जारी
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बोरे में डालकर पुल के नीचे फेंका गया होगा। हालांकि, हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों के बारे में अभी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलने की उम्मीद है।
युवती की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही हाल में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब छह से आठ महीने पहले भी कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकूकू जंगल से अलग-अलग समय पर एक पुरुष और एक महिला का शव मिला था। दोनों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।



