गुमला/डुमरी  :-गुमला जिला के डुमरी प्रखंड अंतर्गत चिड़रा नदी के समीप सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टेंपो पलटने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बहडा टोली गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग टेंपो में सवार होकर मन्दरिया गांव लौट रहे थे। इसी क्रम में सोमवार रात्रि लगभग 10:30 बजे चिड़रा नदी पार करने के बाद चढ़ान के पास टेंपो अचानक पीछे की ओर जाने लगी। चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाने के कारण टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।

इस हादसे में टेंपो में सवार प्रियंजली मिंज (23 वर्ष), पिता स्वर्गीय सलीम मिंज, निवासी बड़ा कटरा, टेंपो के नीचे दब गईं। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी लाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं दुर्घटना में साक्षी टोप्पो (16 वर्ष), पिता लौंगस टोप्पो के बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा निमंती एक्का (38 वर्ष), पति आभास एक्का के माथे और कमर में चोटें आई हैं। दोनों घायल मन्दरिया गांव के रहने वाले बताए गए हैं। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी में किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतका प्रियंजली मिंज नर्सिंग की पढ़ाई की तैयारी कर रही थीं और उनका नर्सिंग कोर्स अंतिम चरण में था। एक होनहार युवती की असमय मौत से परिवार और गांव गहरे सदमे में हैं।

डुमरी से आदित्य कुमार की रिपोट 

Share.
Exit mobile version