Giridih: जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र स्थित चिक सोरिया गांव से खाकी को चुनौती देने वाली एक बेहद गंभीर वारदात सामने आई है। यहाँ साइबर अपराध (Cyber Crime) के एक वांटेड आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों और आरोपी के परिजनों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। भीड़ द्वारा किए गए इस भीषण पथराव में अहिल्यापुर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि पुलिस का गश्ती वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस हमले और मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उग्र भीड़ गिरफ्तार आरोपी को पुलिस हिरासत से जबरन छुड़ाकर फरार हो गई।
Read more: गिरिडीह में कलयुगी पिता का खौफनाक कदम: तीन बेटियों का गला रेता, इलाके में सनसनी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गिरिडीह साइबर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साइबर अपराध के कई मामलों में वांछित (Most Wanted) चूरामन मंडल उर्फ चमलीटी इस वक्त अपने ससुराल चिक सोरिया गांव में आकर छिपा हुआ है। इस पुख्ता इनपुट के आधार पर साइबर इंस्पेक्टर के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गांव में दबिश दी और घेराबंदी करके आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया था।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने किया पथराव
साइबर ठग चमलीटी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही उसके परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों के साथ मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने पहले पुलिस की कार्रवाई का कड़ा विरोध किया और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे कई जवान चोटिल हो गए और भीड़ आरोपी को छुड़ा ले गई।
Read more: गिरिडीह हादसा: बारात से लौट रही कार के उड़े परखच्चे, युवती समेत 2 की मौ’त
गिरिडीह जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने, कस्टडी से आरोपी को भगाने तथा सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाने के आरोप में उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भेज दिया गया है। फिलहाल, फरार साइबर अपराधी और हमले में शामिल चिन्हित ग्रामीणों की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गांव और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।



