Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 की तैयारी को लेकर चुनावी मशीनरी को पूरी तरह एक्टिव मोड में ला दिया है। शुक्रवार को जमशेदपुर स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी के निर्देशन में EVM डिस्पैच और रिसिविंग टीमों के साथ-साथ कंट्रोल रूम कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
कर्मचारियों को दी गई EVM हैंडलिंग और रिपोर्टिंग की बारीक ट्रेनिंग
प्रशिक्षण में डिस्पैच टीम को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक पोलिंग पार्टी को संबंधित मतदान केंद्र के अनुसार EVM मशीनें सही सीरियल नंबर, लेबल और सील के साथ सौंपें। साथ ही मशीन सौंपने के बाद फॉर्म पर पोलिंग पार्टी से हस्ताक्षर लेना, तकनीकी समस्या आने पर तकनीकी दल को तत्काल सूचना देना और सभी मशीनों को समय पर रवाना करना अनिवार्य बताया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि “टीम भावना, अनुशासन और सटीक समन्वय” ही निष्पक्ष और सफल मतदान की कुंजी है। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने का संकल्प दोहराया।



