पटना। बिहार के 15 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। हालांकि कुछ इलाकों से राहत की खबर है। भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर घटने लगा है, जबकि बाल्मीकिनगर बराज पर गंडक और वीरपुर बराज पर कोसी का पानी स्थिर है। दूसरी ओर, इंद्रपुरी बराज पर सोन नदी का जलस्तर अभी बढ़ रहा है।
राज्य के 15 जिलों के 87 प्रखंडों की 574 ग्राम पंचायतों में करीब 48.22 लाख लोग अभी बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राज्यभर में 1,248 कम्युनिटी किचन चलाए जा रहे हैं। इनके जरिए अब तक 82.19 लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं, 13 राहत शिविरों में 12,260 लोगों के रहने, खाने और इलाज की व्यवस्था की गई है।
राहत सामग्री के तहत करीब 3.53 लाख पॉलीथीन शीट, 59,500 ड्राई राशन पैकेट, 1,400 फूड पैकेट और 11,424 क्विंटल पशुचारा बांटा गया है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवागमन के लिए 1,794 सरकारी नावें चल रही हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की 27 और एनडीआरएफ की 10 टीमें तैनात हैं।
प्रशासन के अनुसार, बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत कार्यों का विस्तार किया जा रहा है।



