Saraikela-Kharsawan News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जगन्नाथपुर झोपी स्कूल के पास रहने वाले 45 वर्षीय ज्ञानु राय का शव उनके ही घर से बरामद किया गया है। घर के भीतर शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश।

बेटे की एक कॉल और खुला मौत का राज

जानकारी के मुताबिक, ज्ञानु राय घर में ही छोटी सी किराना दुकान चलाते थे। उनकी पत्नी तीन दिन पहले बिहार के भोजपुर स्थित अपने मायके गई हुई थीं। बड़ा बेटा पटना में पढ़ाई करता है और छोटा बेटा भी घर पर मौजूद नहीं था। गुरुवार सुबह जब पटना से बड़े बेटे ने पिता को कई बार फोन किया और बात नहीं हुई, तो उसने अनहोनी की आशंका में घर के किराएदार को फोन किया। किराएदार जब कमरे के पास पहुंचा, तो भीतर ज्ञानु राय को मृत अवस्था में पाया।

संदिग्ध हालात में मौत: पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि मृतक घर में अकेला था। पुलिस अब किराएदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि पिछली रात घर में कोई आया था या नहीं। फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Share.
Exit mobile version