फॉण्ट कनवर्टर NEW

गालूडीह हत्याकांड का पर्दाफाश, जेल से रची गई थी सीएससी संचालक की हत्या

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र स्थित खड़िया कॉलोनी में उपमुखिया पति और सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक तारापदो महतो की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News:  पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र स्थित खड़िया कॉलोनी में उपमुखिया पति और सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक तारापदो महतो की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने मामले का उद्भेदन करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-1 निवासी विकास दुबे उर्फ राहुल दुबे (21) और टेल्को थाना क्षेत्र के खड़ंगाझाड़ निवासी अभिषेक कुमार उर्फ गोलू उर्फ हैप्पी (21) शामिल हैं। दोनों को एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास वाहन जांच अभियान के दौरान रोका गया था। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, खून लगा चाकू और एक खोखा बरामद किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की वजह पुराना जमीन विवाद था। मृतक तारापदो महतो ने पहले इसी विवाद को लेकर जितेंद्र दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। जितेंद्र दुबे फिलहाल आर्म्स एक्ट के एक मामले में घाटशिला जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, जेल में रहते हुए जितेंद्र दुबे ने ही इस हत्या की साजिश रची और अपने भाई छोटू गोराई के माध्यम से शूटरों की व्यवस्था कराई।

एसपी ने बताया कि छोटू गोराई ने जगरनाथ गोराई को डेढ़ लाख रुपये में हत्या के लिए तैयार किया। इसके बाद जगरनाथ गोराई ने विकास दुबे और अभिषेक कुमार को 10-10 हजार रुपये का लालच देकर वारदात में शामिल किया। घटना वाले दिन सभी आरोपी एक ही बाइक से खड़िया कॉलोनी पहुंचे। जब तारापदो महतो अपनी दुकान बंद कर रहे थे, उसी समय अभिषेक और जगरनाथ दुकान के भीतर घुसे। पहले अभिषेक ने चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल किया और फिर जगरनाथ ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और लगातार छापेमारी के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram