फॉण्ट कनवर्टर NEW

मतदाता सुविधा के लिए बढ़ेंगे मतदान केंद्र, 1200 मतदाताओं की सीमा तय

Ranchi News : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत अब राज्य के हर मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं को ही सूचीबद्ध किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया और मतदाता सुविधाएं बेहतर बन सकें।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत अब राज्य के हर मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं को ही सूचीबद्ध किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया और मतदाता सुविधाएं बेहतर बन सकें। इस दिशा में कार्य करते हुए राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि की जाएगी, जिसके लिए नए मतदान केंद्रों का निर्माण और उनके लिए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों की नियुक्ति की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह बातें शनिवार को निर्वाचन सदन से आयोजित एक ऑनलाइन बैठक में कहीं। इस बैठक में सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त और उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े थे।

बैठक में श्री कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मतदाताओं को उनके नजदीकी मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध करें ताकि उन्हें सुविधा मिल सके और लंबी दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि हर मतदान केंद्र के लिए नजरी-नक्शा, गूगल अर्थ व्यू मैप और की-मैप तैयार करना आवश्यक है, जिससे भौगोलिक जानकारी सटीक रहे।

आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पूर्व संशोधन कार्यों की तैयारी के लिए भी निर्देश दिए गए। श्री कुमार ने ज़ोर देकर कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए, और इसके लिए सभी पदाधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करें और समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन करें। बैठक में मुख्यालय से उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिला एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी व संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram