चैनपुर : शारदीय नवरात्र का समापन इस वर्ष चैनपुर में तीन दिन तक चलने वाले भव्य आयोजनों के साथ हुआ। गुरुवार को दशमी के अवसर पर शाम को दुर्गा मंदिर परिसर में महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया। संध्या आरती के बाद बच्चों का पुरस्कार वितरण किया गया, जिसमें भाग लेने वाले नन्हे-मुन्नों को सम्मानित किया गया। दशहरा पर्व पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार और मुख्य संरक्षक यमुना प्रसाद केशरी के कर कमलों से पारंपरिक विधि विधान के साथ रावण का दहन किया। आतिशबाजी और जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।



