रांची: झारखंड की समृद्ध माटी, वनों और सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पारंपरिक जनजातीय खान-पान को संरक्षित व प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार एक बड़ा मंच सजाने जा रही है। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधीन संचालित ‘डॉ. रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान’ (TRI), रांची द्वारा एक भव्य ‘जनजातीय व्यंजन प्रतियोगिता-सह-बिक्री एवं प्रदर्शनी’ का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य की समृद्ध खान-पान परंपरा का संरक्षण, पारंपरिक व्यंजनों का दस्तावेजीकरण तथा जनजातीय कारीगरों व रसोइयों के कौशल विकास, मानकीकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
19 से 21 नवंबर तक सजेगा आदिवासी व्यंजनों का हाट
यह विशेष प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता 19 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक डॉ. रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान परिसर, मोरहाबादी, रांची में आयोजित की जाएगी। इस दौरान आगंतुकों को पारंपरिक रूप से तैयार किए गए प्राकृतिक, पौष्टिक और स्वादिष्ट आदिवासी व्यंजनों का स्वाद चखने और उन्हें सीधे निर्माताओं से खरीदने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
लाखों के आकर्षक नकद पुरस्कार
- प्रथम पुरस्कार: ₹60,000/- (साठ हजार रुपये)
- द्वितीय पुरस्कार: ₹50,000/- (पचास हजार रुपये)
- तृतीय पुरस्कार: ₹40,000/- (चालीस हजार रुपये)
- सांत्वना पुरस्कार: पांच (5) प्रतिभागियों को ₹15,000/- प्रति व्यक्ति के मान से सांत्वना राशि दी जाएगी।
पात्रता, शर्तें और आवेदन का तरीका
प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क है और इसमें भाग लेने के लिए आवेदकों से कोई पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। भाग लेने से संबंधित प्रमुख दिशा-निर्देश इस प्रकार हैं:- केवल जनजातीय समुदाय के लिए: इस प्रतियोगिता में केवल झारखंड राज्य के जनजातीय समुदाय के मूल निवासी ही भाग ले सकते हैं। किसी भी व्यावसायिक संस्था, होटल या निजी कंपनी के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
- व्यंजनों का संपूर्ण ब्यौरा अनिवार्य: प्रतिभागियों को आवेदन पत्र के साथ कम से कम दो पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों का नाम, उसमें प्रयुक्त सामग्री की मानकीकृत मात्रा, पकाने की पारंपरिक विधि तथा संबंधित जनजाति व उसकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी देनी होगी। अधूरी या अपर्याप्त जानकारी वाले आवेदनों को निरस्त किया जा सकता है।
- आवेदन की अंतिम तिथि: इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से 10 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
विस्तृत दिशा-निर्देश, नियम व आवेदन प्रपत्र डाउनलोड करने के लिए संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट
[https://www.trijharkhand.in/en/opportunities](https://www.trijharkhand.in/en/opportunities) पर विजिट किया जा सकता है। अधिक जानकारी अथवा पूछताछ के लिए कार्यालय के फोन नंबर 0651-2551824 पर संपर्क किया जा सकता है या आधिकारिक ईमेल tri.directorate@gmail.com अथवा dir-triran@gov.in पर पत्राचार किया जा सकता है।







