रांची: राजधानी रांची में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर में 62 वर्षीय महिला से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने ठग लिए गए। घटना गुरुवार सुबह की है। पीड़िता रेणु कुशवाहा ने सुखदेव नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
मंदिर से लौटते समय महिला को रोका
पीड़िता के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान वाल्मीकि नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। आरोपी ने खुद को अयोध्या का पंडित बताया और महिला से बातचीत शुरू कर दी।
आरोपी ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उनके गहनों पर मंत्र पढ़कर उन्हें सुरक्षित कर सकता है।
मंत्र पढ़ने के नाम पर उतरवाए गहने
आरोपी ने महिला से गले की सोने की चेन और हाथ का कंगन उतारने को कहा। उसने कहा कि मंत्र पढ़ने के बाद वह दोनों गहने वापस कर देगा। उसकी बातों पर भरोसा कर महिला ने अपने गहने उसे दे दिए।
इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह 10 कदम आगे जाकर वापस आएं। उसने यह भी कहा कि इसके बाद वह उन्हें हनुमान जी के दर्शन कराएगा।
लौटने पर आरोपी हो चुका था फरार
महिला जब 10 कदम आगे जाकर वापस लौटीं, तब तक आरोपी गहने लेकर फरार हो चुका था। महिला ने काफी देर तक उसका इंतजार किया, लेकिन वह वापस नहीं आया। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला।
पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सुखदेव नगर थाना में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।




