Jamshedpur: शहर के भुईयांडीह इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां के घर से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने और रत्नजड़ित जेवरात रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। मामले को लेकर सीतारामडेरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच तेज करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां रोज की तरह स्नान करने से पहले अपनी सोने की अंगूठियां, रत्नजड़ित लॉकेट, चांदी की अंगूठी और अन्य आभूषण एक छोटे बैग में रखकर कमरे में छोड़ गए थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने भी अपनी सोने की अंगूठी उसी बैग में रख दी और स्नान के लिए चली गईं।

Read more: सुरक्षा हटते ही पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने अमित शाह से लगाई गुहार

इसी दौरान घर में साफ-सफाई करने वाला कर्मी रामू कुमार राम कमरे में पहुंचा। बताया जाता है कि रामू मूल रूप से बिहार के सासाराम का रहने वाला है और भुईयांडीह छायानगर निवासी रंजनी मलिक की सिफारिश पर कुछ समय पहले ही पूर्व मंत्री के घर में काम पर रखा गया था। पूजा-पाठ के बाद जब दुलाल भुईयां अपने कमरे में लौटे तो आभूषणों से भरा बैग गायब मिला। परिवार के लोगों ने पूरे घर में काफी तलाश की, लेकिन बैग और जेवरात का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

Read more: परिमल नाथवानी की जीत से झारखंड की राजनीति में हलचल, दुलाल भुईयां ने दिए बड़े संकेत

परिवार का शक उस समय और गहरा गया जब रविवार को रामू कुमार राम को बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने बीमारी का हवाला देकर आने से इनकार कर दिया। इसके बाद सोमवार को थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के बाद दुलाल भुईयां ने रामू कुमार राम और रंजनी मलिक दोनों को अपने आवास बुलाकर पूछताछ की। हालांकि दोनों ने चोरी में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया। इसी बीच सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाना चली गई।

Read more: झारखंड में सियासी हलचल: पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने छोड़ा झामुमो का साथ, भाजपा में शामिल

मामले को लेकर इलाके में भी चर्चा का माहौल है, क्योंकि यह घटना एक पूर्व मंत्री के आवास से जुड़ी हुई है। पुलिस चोरी गए जेवरात की बरामदगी और पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जेवरात आखिर कहां गए और इस घटना के पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं है।

Share.
Exit mobile version