चतरा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत राष्ट्रीय युवा महोत्सव (National Youth Festival)-2027 ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ (VBYLD) की तैयारियां चतरा में तेज हो गई हैं। समाहरणालय स्थित जिला खेल-सह-पर्यटन कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, चतरा में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 30 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे से जिला खनिज निधि प्रशिक्षण केन्द्र (डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन, चतरा) में किया जाएगा।
इस महोत्सव का मुख्य विषय (Theme) ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखा गया है। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग (17 अगस्त 2026 के आधार पर) के युवा हिस्सा ले सकेंगे, जबकि सहयोगी स्टाफ की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। महोत्सव में पांच प्रमुख विधाओं—लोकनृत्य (Folk Dance: 7 प्रतिभागी + 3 सहयोगी, अवधि 5-8 मिनट), लोकगीत (Folk Song: अधिकतम 7 मिनट), नुक्कड़ नाटक (Nukkad Natak: 10 प्रतिभागी), चित्रकला (Painting: एकल, 6 घंटे) और कविता लेखन (Poetry Writing: एकल, 1.5 घंटे) का आयोजन होगा। प्रस्तुति की भाषा राज्य की आधिकारिक भाषा, हिंदी अथवा अंग्रेजी होगी।
महत्वपूर्ण नियम व शर्तें
- एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकता है।
- पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके प्रतिभागी इस प्रतियोगिता के पात्र नहीं होंगे।
- नृत्य एवं गीत में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े गीतों को ही शामिल किया जाएगा।
- कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक बंधुता का पालन अनिवार्य होगा; किसी भी धर्म, जाति, वर्ग या राजनीतिक दल पर टिप्पणी प्रतिबंधित रहेगी।
- आयोजन स्थल पर पंजीकरण के समय आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा बोनाफाइड सर्टिफिकेट की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य है। कलाकार वाद्ययंत्र की व्यवस्था स्वयं करेंगे।
- प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर भाग लेने का अवसर मिलेगा।
आवेदन कैसे करें
इच्छुक प्रतिभागी अपना आवेदन फॉर्म 29 अक्टूबर 2026 के दोपहर 2 बजे तक जिला खेल कार्यालय, समाहरणालय (चतरा) में हाथों-हाथ जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही युवाओं को खेल मंत्रालय के माई भारत पोर्टल(
[https://mybharat.gov.in](https://mybharat.gov.in)) पर भी अपना पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। किसी भी जानकारी के लिए युवा अधिकारी (9521412718) या जिला खेल समन्वयक (9334965759) से संपर्क किया जा सकता है।





