Chaibasa News: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर की अध्यक्षता में लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। यह बैठक झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार आयोजित की गई।
बैठक में एलएडीसी टीम द्वारा पिछले महीने किए गए कार्यों का विस्तार से मूल्यांकन किया गया। बैठक में प्रमुख सुरेंद्र प्रसाद, उपप्रमुख सुरेंद्र प्रसाद दास, सहायक रत्नेश कुमार, पूजा चौरसिया तथा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी उपस्थित रहे।
जिला जज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मंडल कारा में ऐसे बंदियों की जानकारी जुटाएँ जिन्हें जमानत तो मिल गई है, परंतु संसाधनों के अभाव में जेल से बाहर नहीं आ पा रहे हैं। इसी तरह ऐसे बंदियों की भी पहचान करने को कहा गया जिन्हें सजा मिल चुकी है, लेकिन अपील दायर करने में असमर्थ हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे जरूरतमंद बंदियों को प्राधिकार के माध्यम से निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाएँ।
समीक्षा के बाद न्यायाधीश ने कार्य में और सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।



