फॉण्ट कनवर्टर NEW

दिल्ली में 70 देशों के राजनयिकों ने मां के नाम पर लगाया पौधा

New Delhi : राजधानी दिल्ली के PBG ग्राउंड में गुरुवार को “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत अनोखा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें 70 से अधिक देशों के 75 राजदूतों, उच्चायुक्तों और मिशन प्रमुखों ने भाग लिया और अपनी-अपनी माताओं के सम्मान

अपनी भाषा में पढ़ें

New Delhi : राजधानी दिल्ली के PBG ग्राउंड में गुरुवार को “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत अनोखा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें 70 से अधिक देशों के 75 राजदूतों, उच्चायुक्तों और मिशन प्रमुखों ने भाग लिया और अपनी-अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए। इस अवसर पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किए गए सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करता है, बल्कि यह हमारी मां और धरती मां दोनों के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि 70 देशों के राजनयिकों द्वारा अपनी माताओं के नाम पर पौधरोपण करना यह संदेश देता है कि मां का संबंध भाषा और सीमा से परे है, जो पूरे विश्व को जोड़ता है।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि वृक्षारोपण के माध्यम से धरती को हरियाली से आच्छादित करना और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण देना हमारा दायित्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मां या किसी प्रियजन के नाम पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 70 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों का कहना है कि “एक पेड़ मां के नाम” पहल के माध्यम से नागरिकों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पेड़ों के महत्व को रेखांकित करना और समाज को स्वच्छ, हरित भविष्य की दिशा में प्रेरित करना है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram