World News: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर तनावपूर्ण मोड़ पर पहुंच चुका है। इसी बीच थाई सेकेंड आर्मी एरिया के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बूनसिन पैडक्लांग की मौत की झूठी अफवाहों ने विवाद को और उग्र बना दिया। कंबोडियाई मीडिया और कुछ सैन्य सूत्रों ने यह दावा किया कि बूनसिन कंबोडियाई बलों के साथ संघर्ष में मारे गए, लेकिन कमांडर पैडक्लांग ने खुद सामने आकर इस दावे का खंडन कर दिया।
उन्होंने कहा, “मैं जिंदा हूं और थाई-कंबोडिया सीमा पर तैनात हूं। देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए सैनिकों के साथ हूं।” बूनसिन ने आरोप लगाया कि कंबोडिया ने उनकी तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर झूठा प्रचार फैलाया है ताकि थाई सैनिकों का मनोबल गिराया जा सके।
थाईलैंड के प्रमुख अखबार “द नेशन” के मुताबिक, थाई सशस्त्र बलों के प्रवक्ता मेजर जनरल विथाई लैथोम्य ने भी कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। कंबोडिया ने आरोप लगाया था कि थाई सेना ने उनके क्षेत्र में घुसपैठ और बिना उकसावे के हमले किए।
इस बीच सुरिन प्रांत के गवर्नर चमन चुएंटा ने बढ़ती हिंसा को देखते हुए सुरिन को युद्ध आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों और प्रशासन को आदेश दिया है कि नागरिकों की रक्षा और सहायता के लिए तत्काल प्रभाव से राहत कार्य शुरू किए जाएं।



