Dhanbad: कोयलांचल की राजनीति का केंद्र कहे जाने वाले ‘सिंह मेंशन’ पर रविवार की देर रात अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए बमबारी की। झरिया से भाजपा विधायक रागिनी सिंह के सरायढेला स्थित इस हाई-प्रोफाइल आवास को निशाना बनाकर दो बम फेंके गए। हमले के बाद पूरे स्टील गेट इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत के मारे घरों से बाहर निकल आए।

आधी रात को दहला स्टील गेट इलाका

घटना रात करीब 11:20 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों और सुरक्षाकर्मियों के अनुसार, बाइक सवार दो अज्ञात हमलावर अचानक आए और एक के बाद एक दो सुतली बमों से हमला कर दिया। पहला बम मेंशन के मुख्य गेट के भीतर गिरा, जबकि दूसरा बम बाहर सड़क पर फटा। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई दी। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन हमलावरों के हौसले देखकर पूरे शहर में चर्चा का बाजार गर्म है।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, फोरेंसिक जांच शुरू

वारदात की खबर मिलते ही सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी भारी पुलिस बल के साथ सिंह मेंशन पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर आवास के चारों ओर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने सोमवार सुबह घटनास्थल से बम के अवशेष और सुतली के टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों और उनके पीछे के मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके।

सुरक्षा पर उठे सवाल

शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में इस तरह की बमबाजी ने पुलिसिया चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिंह मेंशन के समर्थकों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। फिलहाल, पुलिस अपराधियों की धर-पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

इस खबर को भी पढ़ें : धनबाद पुलिस ने बड़ी साजिश नाकाम, 4 हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार

Share.
Exit mobile version