Dhanbad: धनबाद के व्यस्त भूली मोड़ इलाके में सोमवार पूर्वाह्न दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने जेल में बंद गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान समेत तीन लोगों को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। इस हमले में सानू खान, सद्दाम और वहां से गुजर रही एक युवती गोली लगने से घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
गोलियां के 8 खोखे बरामद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सानू खान और सद्दाम भूली मोड़ ऑटो स्टैंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश शूटर पहुंचे और अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में बाइक चला रहे हमलावर ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि पीछे बैठे शूटर ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। हमलावर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने के बाद तेजी से वासेपुर की दिशा में भाग निकले। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर वहां से 8 खोखे बरामद किए हैं।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
वारदात के ठीक बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को फौरन अस्पताल भेजा गया। सानू खान को गंभीर हालत में असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। वहीं, हमले में घायल सद्दाम और राहगीर युवती को प्राथमिक उपचार के लिए धनबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद अस्पतालों के बाहर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस भूली मोड़ और वासेपुर जाने वाले रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक और शूटरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई की आशंका है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।




