Dhanbad: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त जमादार लालेश्वर सिंह (63) को गिरफ्तार कर लिया। देर रात हीरापुर स्थित उनके आवासीय कॉलोनी में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई।
सूत्रों के मुताबिक, लालेश्वर सिंह ने अपनी सेवा अवधि के दौरान ज्ञात आय स्रोतों से कहीं अधिक, करीब 15 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की। शिकायत मिलने के बाद वर्ष 2016 से ही मामले की जांच चल रही थी। फरवरी 2019 में प्रारंभिक जांच दर्ज हुई, सितंबर 2020 में रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी गई और जनवरी 2023 में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सोमवार को एसीबी की विशेष टीम ने घर पर छापा मारकर कई अहम दस्तावेज जब्त किए और आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य जांच के लिए उसे धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जांच में उसका बीपी और शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया।
बताया जा रहा है कि लालेश्वर सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा की सुरक्षा में बॉडीगार्ड के रूप में भी तैनात रह चुका है, जिससे मामला और चर्चा में आ गया है। एसीबी अधिकारियों ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जब्त दस्तावेजों की जांच जारी है।



