Bokaro : श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, चास में मारवाड़ी पंचायत के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय श्री रानी सती दादी जी भादो महोत्सव-2026 के द्वितीय दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। रानी सती दादी, जिन्हें शक्ति, साहस, त्याग और अटूट आस्था की प्रतीक माना जाता है, उनके दरबार में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दादी जी का मनोहारी फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया तथा विधिवत ज्योत प्रज्ज्वलित कर मंगल आरती संपन्न हुई। सुगंधित पुष्पों से सजे दरबार ने भक्तों को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराया।
सायंकाल आयोजित भव्य भजन संध्या महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही। कोलकाता से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री जितेंद्र जैन एवं उनकी सहयोगी श्रीमती रूपाली सरकार ने रानी सती दादी के भक्ति रस से ओत-प्रोत भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा पंडाल “जय दादी की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति संगीत में सराबोर होकर झूमते रहे और दादी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करते रहे।
महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने MBA, CMA, CA, NEET, JEE एवं MBBS जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर समाज का गौरव बढ़ाया है। मारवाड़ी पंचायत ने उन्हें सम्मान पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रानी सती दादी का जीवन त्याग, नारी शक्ति, सेवा और संस्कारों का संदेश देता है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
मारवाड़ी समाज के महिला, युवा और वरिष्ठ सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने महोत्सव को यादगार बना दिया। आयोजन को सफल बनाने में मारवाड़ी महिला समिति, मारवाड़ी युवा मंच, उड़ान शाखा, श्याम दीवाने, दादी जी को आसरो एवं श्री श्याम सेवा संस्थान सहित समाज की विभिन्न संस्थाओं का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
महोत्सव के अंतिम दिवस 11 सितंबर को प्रातः मंगला आरती, मावस की धोक, खीर-पूड़ा, सवामणि एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा। दोपहर 12:30 बजे पूर्णाहुति के साथ तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का समापन किया जाएगा।




