Jamshedpur News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की आधी रात एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे देवनगर इलाके को दहशत में डाल दिया। पीपल स्कूल के पीछे रहने वाले 32 साल के शेखर सैंडिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। समय रात करीब 12:30 बजे का बताया जा रहा है, जब आसपास सब कुछ शांत था और लोग अपने घरों में सोने की तैयारी कर रहे थे।
बहन घर लौटी तो खून से लथपथ पड़े मिले शेखर
शेखर की बहन सरस्वती दास जैसे ही घर पहुंचीं, तो बाहर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शेखर जमीन पर पड़े थे और उनका शरीर खून से भीगा हुआ था। उन्होंने तुरन्त पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शेखर को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तीन गोलियां लगने और ज्यादा खून बहने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
पुराना विवाद बना हत्या की बड़ी वजह, परिवार ने नाम लिया
शेखर नया कोर्ट के पास एक निजी पार्किंग में काम करते थे और रोज की तरह अपनी ड्यूटी से घर लौट रहे थे। परिवार ने इस हत्या के पीछे स्थानीय युवक राहुल सिंह और उसके साथी डब्लू का नाम लिया है। परिजनों का दावा है कि शेखर का इन दोनों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि राहुल सिंह देवनगर में अवैध दारू भट्टी चलाता है और इसी को लेकर कई बार दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। परिवार का कहना है कि पहले भी शेखर को खुलेआम धमकियाँ दी गई थीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश तेज
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। थाना प्रभारी ने कहा है कि संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इलाके में फिलहाल तनाव का माहौल है और लोग रात की इस घटना से अभी भी सहमे हुए हैं।



